ब्रह्माकुमारीज़ पिलानी में श्रद्धा और आध्यात्मिक उमंग के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव
- pilani
- August 1, 2026
- Brahma Kumaris pilani
पिलानी। ब्रह्माकुमारीज़ सेवा केंद्र, पिलानी में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शेखावाटी क्षेत्र की मुख्य प्रशासिका एवं सीकर सेवा केंद्र की प्रभारी राजयोगिनी बी.के. पुष्पा दीदी जी का पिलानी सेवा केंद्र पर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीके पुष्पा दीदी ने गुरु के वास्तविक स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परमपिता परमात्मा ही सच्चे सद्गुरु हैं, जो ज्ञान, योग और दिव्य संस्कारों के माध्यम से मानव जीवन को श्रेष्ठ बनाते हैं। उन्होंने सभी को ईश्वरीय मार्ग पर चलते हुए आध्यात्मिक जीवन अपनाने तथा श्रेष्ठ संस्कारों को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।
पिलानी सेवा केंद्र की प्रभारी राजयोगिनी बी.के. स्वाति दीदी ने उपस्थित अतिथियों एवं भाई-बहनों का स्वागत करते हुए गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि गुरु हमें अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान और आत्मप्रकाश की ओर ले जाता है तथा जीवन को सही दिशा प्रदान करता है।
कार्यक्रम में सीकर से पधारी बी.के. वनीता दीदी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने सभी को आध्यात्मिक उन्नति, सेवा भावना एवं राजयोग के अभ्यास से जीवन को श्रेष्ठ बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर ईश्वरीय संदेश, भक्ति गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में शकुंतला बहन, पूजा शर्मा बहन, कुमारी ज्योति पुनिया, कुमारी दुर्गा कटारिया, भ्राता धीरज, भ्राता लोकेश मीणा, भ्राता रोहित वर्मा, रीना बहन एवं भ्राता हर्षित पुनिया सहित अनेक भाई-बहनों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के समापन पर बी.के. डॉ. वीणा दीदी ने सभी को प्रसाद वितरित किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक सहभागी को एक-एक पौधा भेंट किया गया तथा सभी ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण एवं उनकी देखभाल का संकल्प लिया। गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिक उमंग के वातावरण में संपन्न हुआ।



