ब्रह्माकुमारीज़ पिलानी सेवाकेंद्र में गणतंत्र दिवस का गरिमामय व सांस्कृतिक आयोजन
- pilani
- January 26, 2026
- Brahma Kumaris pilani News
ब्रह्मा कुमारीज़ पिलानी सेवाकेंद्र में गणतंत्र दिवस का गरिमामय व सांस्कृतिक आयोजन
पिलानी स्थित ब्रह्मा कुमारीज़ सेवाकेंद्र में प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस अत्यंत श्रद्धा, शांति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ निराकार परमपिता परमात्मा शिव की पावन स्मृति एवं राजयोग ध्यान से किया गया, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
इसके पश्चात कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भ्राता डॉ. पवन चौधरी जी द्वारा राष्ट्रध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित सभी भाई-बहनों ने राष्ट्रगान के माध्यम से देशभक्ति की भावना प्रकट की। मुख्य अतिथि का स्वागत सोल ओढ़ाकर एवं सम्मानपूर्वक किया गया।
सेवाकेंद्र की प्रभारी राजयोगिनी बी.के. स्वाति दीदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें नियम, अनुशासन और संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आत्म-परिवर्तन के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र सेवा का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि भ्राता डॉ. पवन चौधरी जी ने कहा कि आध्यात्मिकता और नैतिक मूल्यों के साथ ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने ब्रह्मा कुमारीज़ द्वारा किए जा रहे आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवाकार्यों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर डॉ. बी.के. वीणा दीदी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सच्ची स्वतंत्रता मन की नकारात्मकताओं से मुक्ति में निहित है। उन्होंने राजयोग को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम शामिल रहे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं ने राष्ट्रप्रेम, एकता और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को सुंदर रूप में प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सभी अतिथियों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि को परमपिता परमात्मा शिव का स्मृति-चिह्न एवं प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। अंततः सभी उपस्थित भाई-बहनों ने प्रेमपूर्वक प्रसाद स्वीकार किया।
यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना एवं आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने वाला अत्यंत प्रेरणादायक रहा।



