राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी जी की तृतीय पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम
- pilani
- February 18, 2026
- Brahma Kumaris pilani News
राजयोगिनी बी.के. आशा दीदी जी की तृतीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
पिलानी।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, पिलानी सेवाकेंद्र की पूर्व मुख्य प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी जी की तृतीय पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान एवं आध्यात्मिक गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सेवाकेंद्र में विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाई-बहनों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में सीकर से पधारी बी.के. पुष्पा दीदी जी, बी.के. मधु दीदी जी तथा राजगढ़ से बी.के. शोभा दीदी जी की विशेष रूप से उपस्थिति रहीं। पिलानी सेवाकेंद्र परिवार द्वारा सभी अतिथियों का तिलक एवं पुष्पगुच्छ के साथ आत्मीय स्वागत किया गया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए बी.के. पुष्पा दीदी जी ने राजयोगिनी आशा दीदी जी के दिव्य व्यक्तित्व और उनके द्वारा की गई निस्वार्थ सेवा का स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, तपस्या और समर्पण का प्रतीक था। उन्होंने अपने सम्पूर्ण जीवन को मानवता की सेवा और ईश्वरीय संदेश के प्रचार में समर्पित किया। उनका सरल स्वभाव, मधुर व्यवहार और दृढ़ निश्चय आज भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इस अवसर पर पिलानी सेवाकेंद्र की वर्तमान मुख्य प्रभारी बी.के. स्वाति दीदी जी ने भी अपने उद्बोधन में आशा दीदी जी के साथ बिताए गए कई प्रेरणादायक और यादगार अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि आशा दीदी जी हमेशा सभी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती थीं और हर परिस्थिति में सकारात्मक सोच बनाए रखने का संदेश देती थीं।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने ईश्वरीय स्मृति में बैठकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में शांति, प्रेम और आध्यात्मिकता का विशेष वातावरण बना रहा।
अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित भाई-बहनों को ब्रह्मा भोजन प्रेमपूर्वक स्वीकार कराया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने इस आयोजन को अत्यंत प्रेरणादायक बताते हुए आशा दीदी जी के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।




