नवलगढ़, मातृ दिवस कार्यक्रम

नवलगढ़, मातृ दिवस कार्यक्रम

 

*ब्रह्माकुमारीज़, नवलगढ़ सेवाकेंद्र पर अंतर्राष्ट्रीय मदर्स डे उत्साहपूर्वक मनाया गया*

नवलगढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, नवलगढ़ सेवाकेंद्र पर अंतर्राष्ट्रीय मदर्स डे का कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री हरी हॉस्पिटल से डॉ. बबीता चौधरी जी उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त मातृ शक्ति उपखंड की सहयोजिका बहन अनीता कुमावत जी एवं भ्राता राम मोहन शेखसरिया जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ निराकार परमात्मा शिव की स्मृति एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सेवाकेंद्र की मुख्य प्रभारी राजयोगिनी बी.के. स्वाति दीदी जी ने मातृत्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां केवल जन्म देने वाली ही नहीं, बल्कि संस्कारों की प्रथम गुरु होती है। उन्होंने सभी को मातृशक्ति के सम्मान एवं उसके मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

मुख्य अतिथि डॉ. बबीता चौधरी जी ने अपने संबोधन में मां के सर्वोच्च स्थान को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज के निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा दिए जा रहे आध्यात्मिक मूल्यों की सराहना की।

भ्राता राम मोहन शेखसरिया जी ने अपनी मां से जुड़े प्रेरणादायक अनुभव साझा किए, जिससे कार्यक्रम का वातावरण भावुक हो उठा। इसके पश्चात बी.के. डॉ. वीणा दीदी जी ने मातृत्व के आध्यात्मिक स्वरूप को समझाते हुए कहा कि सच्चा मातृत्व प्रेम, धैर्य और त्याग का प्रतीक होता है, जो सभी का समान रूप से पालन-पोषण करता है।

कार्यक्रम के दौरान नवलगढ़ ब्रह्माकुमारीज़ पाठशाला की माताओं द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन ने मातृशक्ति की महिमा को जीवंत कर दिया, जिसने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया। साथ ही बी.के. स्वाति दीदी जी द्वारा कराई गई राजयोग मेडिटेशन कमेंट्री से सभी ने गहन शांति एवं राजयोग की गहरी अनुभूति का अनुभव किया।

अंत में ब्रह्माकुमारीज संस्था की ओर से मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं ईश्वरीय सौगात भेंट दे कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों को प्रसाद वितरित किया गया।

यह कार्यक्रम मातृशक्ति के सम्मान, आध्यात्मिक जागरूकता एवं सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का प्रेरणादायक संदेश देकर संपन्न हुआ।