मातृ दिवस पर ब्रह्माकुमारीज में विशेष कार्यक्रम आयोजित

मातृ दिवस पर ब्रह्माकुमारीज में विशेष कार्यक्रम आयोजित

 

मातृ दिवस पर ब्रह्माकुमारीज में विशेष कार्यक्रम आयोजित

पिलानी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के पिलानी सेवा केंद्र पर मातृ दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सेवा केंद्र प्रभारी बीके स्वाति दीदी के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि गरिमा सिंह एवं डॉ. प्रीति मान उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में मातृ शक्ति के सम्मान, श्रेष्ठ संस्कारों एवं आध्यात्मिक मूल्यों पर प्रकाश डाला गया। गरिमा बहन ने कहा कि माता-पिता को बच्चों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनना चाहिए तथा उन्हें पर्याप्त समय देना चाहिए, जिससे उनके व्यक्तित्व का बेहतर विकास हो सके।

डॉ. प्रीति बहन ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन में माँ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। माँ परिवार की प्रथम गुरु होती है, जो अपने संस्कारों, त्याग एवं प्रेम से समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करती है।

बीके स्वाति दीदी ने कहा कि वर्तमान समय में आध्यात्मिकता एवं संस्कारयुक्त शिक्षा के माध्यम से परिवारों में प्रेम, शांति और एकता को बढ़ावा देना आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान माताओं का सम्मान किया गया तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, ड्रामा, गेम्स एवं राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से सकारात्मक जीवन जीने का संदेश दिया गया।

बीके डॉ. वीणा दीदी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। अंत में विश्व शांति एवं परिवारों की सुख-समृद्धि के लिए सामूहिक मेडिटेशन करवाया गया तथा सभी को प्रसाद स्वीकार कराया गया।