ब्रह्माकुमारीज़ नवलगढ़ के समर कैंप में बच्चों ने सीखे संस्कार, एकाग्रता और आत्मविश्वास के सूत्र

ब्रह्माकुमारीज़ नवलगढ़ के समर कैंप में बच्चों ने सीखे संस्कार, एकाग्रता और आत्मविश्वास के सूत्र

 

नवलगढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, नवलगढ़ द्वारा बच्चों के व्यक्तित्व एवं संस्कार निर्माण के उद्देश्य से एक विशेष समर कैंप का आयोजन किया गया। यह समर कैंप राजयोग शिक्षिका बी.के.डॉ.वीणा दीदी जी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ निराकार परमपिता शिव परमात्मा की याद एवं ओम ध्वनि के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में शांति एवं सकारात्मकता का संचार हुआ।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में बी.के. डॉ. वीणा दीदी जी ने बच्चों को जीवन में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को राजयोग मेडिटेशन का परिचय देते हुए बताया कि नियमित मेडिटेशन द्वारा मन को एकाग्र, शांत एवं शक्तिशाली बनाया जा सकता है। साथ ही बच्चों को सरल एवं सहज तरीके से राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास भी कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान जयंती बहन ने बच्चों की स्मरणशक्ति एवं मानसिक क्षमता को विकसित करने हेतु विभिन्न रोचक गेम्स एवं गतिविधियाँ कराईं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने सीखने, याद रखने तथा रचनात्मक सोच को विकसित करने के सरल उपाय सीखे।

भ्राता शोभाराम भाई साहब ने बच्चों की एकाग्रता, ध्यान क्षमता एवं आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए कई मनोरंजक गतिविधियाँ एवं सहभागितापूर्ण अभ्यास कराए। उन्होंने बच्चों को बताया कि यदि मन को सही दिशा दी जाए तो पढ़ाई, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उनकी गतिविधियों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के लिए एक प्रेरणादायक गीत भी प्रस्तुत किया, जिसने सभी को आनंदित कर दिया।

इसके अतिरिक्त कुमारी अंशिका बहन ने डांस के माध्यम से बच्चों को व्यायाम कराया। संगीत एवं गतिविधियों के साथ हुए इस सत्र ने बच्चों में नई ऊर्जा, उत्साह एवं स्फूर्ति का संचार किया।

समर कैंप के दौरान बच्चों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। इसके अतिरिक्त सभी बच्चों को राजयोग मेडिटेशन का गहन अभ्यास कराया गया, जिससे उन्होंने शांति, खुशी एवं आत्मिक शक्ति की सुंदर अनुभूति की।

अंत में बी.के. डॉ.वीणा दीदी जी ने सभी बच्चों को उपहार भेंट किए और साथ साथ सभी बच्चों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के प्रति बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी बच्चों ने मेडिटेशन को अपने जीवन में अपनाने की इच्छा व्यक्त की और अपने सकारात्मक अनुभव साझा किए। अभिभावकों ने भी इस समर कैंप की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।